भोपाल के बिलखिरिया में एक म्यूजिक टीचर ने अपनी नाबालिग मंगेतर के साथ रेप किया। घुमाने के बहाने पीड़िता को बुलाया और कार में ज्यादती की। घटना शनिवार की है, जबकि एफआईआर रविवार को दर्ज कराई गई है। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है।
थाना प्रभारी उमेश सिंह चौहान ने बताया कि इलाके में रहने वाली 17 वर्षीय नाबालिग की सगाई पिछले दिनों 22 वर्षीय युवक से साथ हुई थी। युवक म्यूजिक टीचर है। दोनों के परिवार के बीच तय हुआ था कि नाबालिग लड़की के बालिग होने पर ही शादी होगी। चूंकि दोनों के परिजन पुराने परिचित हैं।
हथाईखेड़ा डेम के पास की वारदात
शनिवार को युवक अपनी कार से अपनी नाबालिग मंगेतर को घुमाने के बहाने हथाईखेड़ा डेम लेकर पहुंचा। जहां पर दोपहर करीब तीन बजे उसने अपनी नाबालिग मंगेतर के साथ रेप किया। इसके बाद पीड़िता अपने घर पहुंची और अपने मंगेतर द्वारा जबरन शारीरिक संबंध बनाने की बात बताई।
परिजनों से शिकायत की तो सगाई तोड़ी
किशोरी के परिजन आरोपी युवक के घर बात करने पहुंचे, जहां पर पीड़िता के परिजनों ने युवक की इस हरकत का विरोध किया तो आरोपी युवक व उसकी मां व बहन ने उनके साथ गाली-गलौज कर अभद्रता की और नाबालिग से सगाई तोड़ दी। इसके बाद पीड़िता ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत की थी।
थाना प्रभारी चौहान ने बताया
आरोपी युवक को बाल कलाकार के तौर पर संगीत के क्षेत्र में राष्ट्रपति पुरस्कार मिल चुका है। जब आरोपी युवक नाबालिग था तब महिला एंव बाल विकास विभाग की अनुशंसा पर संगीत की श्रेणी में बाल कलाकार के तौर पर राष्ट्रपति पुरस्कार मिला था। आरोपी म्यूजिक टीचर है और बच्चों को एक वाद्ययंत्र बजाना सिखाता है।




