ग्वालियर। शहर के कंपू स्थित एक मैरिज गार्डन में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सात फेरे लेने के बाद दुल्हन ने दूल्हे के साथ जाने से साफ इनकार कर दिया। विदाई की रस्म के दौरान हुए इस हंगामे के पीछे दूल्हे का किसी अन्य शादीशुदा महिला के साथ प्रेम-प्रसंग होना बताया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस भी मौके पर पहुंची, जिसके बाद दोनों पक्षों में आपसी समझौते के बाद बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई।
विदाई के वक्त खुला ‘राज’
जानकारी के अनुसार, नाका चंद्रबनी निवासी युवती का विवाह 9 मार्च को गुढ़ी गुढ़ा का नाका निवासी गिर्राज कुशवाह के साथ तय हुआ था। शादी की रस्में शांतिपूर्वक संपन्न हुईं, लेकिन मंगलवार दोपहर विदाई के समय दुल्हन ने अचानक दूल्हे के साथ जाने से मना कर दिया। दुल्हन ने आरोप लगाया कि उसे पता चला है कि गिर्राज का पिछले डेढ़ साल से राजस्थान निवासी एक शादीशुदा महिला के साथ संबंध है।
फोन पर मिली थी चेतावनी
दुल्हन के मुताबिक, लगन-फलदान के एक दिन पहले ही उसके पास दूल्हे की प्रेमिका का फोन आया था, जिसने उसे गिर्राज से शादी न करने की चेतावनी दी थी। शुरुआत में दुल्हन को लगा कि कोई जानबूझकर रिश्ता तुड़वाना चाहता है, लेकिन शादी के दौरान जब उसे दूल्हे की संदिग्ध गतिविधियों और महिला से बातचीत का पता चला, तो उसका शक यकीन में बदल गया।
थाने में दूल्हे ने कुबूली बात
हंगामे के बाद मामला थाने पहुंचा, जहां पहले तो दूल्हा मुकरता रहा, लेकिन बाद में उसने महिला के साथ अपने संबंधों की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद दुल्हन ने अपनी जिंदगी खराब होने का हवाला देते हुए विदा होने से इनकार कर दिया।
बिना शिकायत के हुआ समझौता
सीएसपी इंदरगंज रोबिन जैन ने बताया कि दोनों पक्षों ने आपस में बैठकर बातचीत की और शादी में हुए खर्च के लेन-देन पर सहमति बनी। किसी भी पक्ष ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। आपसी समझौते के बाद दूल्हा बिना दुल्हन के ही घर लौट गया।




