टीमकगढ़ शहर में कलेक्ट्रेट रोड स्थित शिव शक्ति कॉलोनी में मकान के बंटवारे को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के साथ लाठी डंडे और पत्थर बरसाए। घटना में एक पक्ष के 4 लोगों को चोटें आई हैं। इसका वीडियो आज रविवार को सामने आया है।
ये है पूरा मामला
कोतवाली थाना प्रभारी पंकज शर्मा ने बताया कि शिव शक्ति कॉलोनी निवासी भीष्म रैकवार ने शनिवार को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि घर के बंटवारे को लेकर बड़े भाई रुद्र प्रताप रैकवार से विवाद चल रहा है। शनिवार को मकान के अंदर दीवार का निर्माण कर रहे थे। इसी दौरान बड़ा भाई रुद्र प्रताप, उसकी पत्नी क्रांति, लड़का संग्राम और रुद्र प्रताप का साला सुरेंद्र रैकवार मकान पर आकर गाली-गलौज करने लगे।
उन्होंने दीवार तोड़ना शुरू कर दी। जब भीष्म ने दीवार तोड़ने से मना किया तो चारों ने मिलकर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान भीष्म की पत्नी रजनी, सास गणेशी और ससुर हर नारायण रैकवार बीच बचाव करने पहुंचे। चारों लोगों ने मिलकर उनके साथ भी लाठी डंडों और पत्थर से मारपीट कर दी।

घटना में भीष्म रैकवार, उसकी पत्नी रजनी और सास ससुर को सिर और हाथ पैर में चोटें आई हैं। चारों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। कोतवाली थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर रुद्र प्रताप रैकवार सहित उसकी पत्नी, बेटे और साले के खिलाफ मारपीट की धारा 296, 115 (2), 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया है।





