भोपाल। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत राजधानी की टीटी नगर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 350 ग्राम गांजा, दो मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। जब्त किए गए मशरूका की कुल कीमत करीब 51 हजार रुपये आंकी गई है।


घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लाड़ली लक्ष्मी पार्क के पीछे टीटी नगर स्टेडियम के पास दो युवक सफेद पन्नी में गांजा लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। थाना प्रभारी गौरव सिंह दोहर के नेतृत्व में गठित टीम ने घेराबंदी कर अर्जुन नगर निवासी मिथुन चौहान (33) और गोलू चौहान (30) को धर दबोचा। तलाशी लेने पर उनके पास से अवैध गांजा मिला।
पुराना है आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए दोनों आरोपी पुराने अपराधी हैं। मिथुन चौहान पर पूर्व में हत्या के प्रयास (307) सहित मारपीट के मामले दर्ज हैं, वहीं गोलू चौहान पर भी जुआ एक्ट और मारपीट के प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि वे यह माल कहाँ से लाए थे।
एक नज़र में कार्रवाई:
- आरोपी: मिथुन चौहान और गोलू चौहान (दोनों निवासी अर्जुन नगर)।
- बरामदगी: 1 किलो 350 ग्राम गांजा, 2 मोबाइल, 1040 रुपये नगद।
- कुल कीमती: ₹51,040।
- पुलिस टीम: थाना प्रभारी गौरव सिंह दोहर, उनि राघवेन्द्र सिंह सिकरवार व अन्य स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही



