भोपाल में मकर संक्रांति पर मायके गई महिला ने पति के साथ ससुराल लौटने से इनकार कर दिया। ढाई महीने तक पति और ससुराल वाले पत्नी को घर वापस लाने की कोशिश करते रहे। लेकिन वह लौटने को तैयार नहीं हुई। बुधवार को पति आखिरी बार पत्नी को लाने उसके मायके गया। लेकिन इस बार भी पत्नी वापस नहीं लौटी। इससे दुखी होकर उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। बुधवार रात पति को अस्पताल में भर्ती कराया गया। गुरुवार की सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
प्रेम साहू (30) पुत्र गुलाब साहू निवासी शिव नगर फेस-3 छोला लोडिंग ऑटो चलाता था। उनके भाई हरीश साहू ने बताया कि 14 जनवरी को मकर संक्रांति पर भाभी मायके गई थीं। इसके बाद वह नहीं लौटी। मां और भैया कई बार उन्हें मनाने गए। लेकिन वह नहीं लौटीं। बुधवार को भैया भाभी को लाने का बोलकर घर से निकले।

रात को अकेले ही लोडिंग ऑटो चलाते हुए घर लौट आए, कुछ देर बाद उन्हें उल्टियां होने लगी। पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि जहरीला पदार्थ खा लिया है। रंजना लौटने को तैयार नहीं है। तत्काल भैया को लेकर डीआईजी हॉस्पिटल पहुंचे, वहां से हमीदिया रेफर कर दिया गया। सुबह इलाज के दौरान भैया की मौत हो गई। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की है।
शादी के 6 साल बाद भी कोई संतान नहीं थी
प्रेम और रंजना की 6 साल पहले अरेंज मैरिज हुई थी। दोनों की कोई संतान नहीं थी। इस बात को लेकर भी प्रेम परेशान रहते थे। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की सभी एंगल पर जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों के डिटेल बयान अभी दर्ज नहीं किए जा सके हैं।




