मध्य प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश की जेलों में आजीवन कारावास की सजा काट रहे कैदी रिहा होंगे। सूबे की जेलों में बंद कुल 177 कैदियों को रिहा कर दिया जाएगा। इनमें 5 महिलाएं भी शामिल हैं। इन बंदियों को मध्यप्रदेश शासन, जेल विभाग की रिहाई नीति-2022 के अंतर्गत सजा में छूट प्रदान की जा रही है।
जीवकोपार्जन के साधन की ट्रैनिंग मिली
जेल विभाग ने बताया कि इन बंदियों को जेल में सजा काटने के दौरान टेलरिंग, कारपेन्ट्री, लौहारी, भवन मिस्त्री, भवन सामग्री निर्माण आदि का प्रशिक्षण प्रदान किया गया है, ताकि रिहा होने के पश्चात ये जीवकोपार्जन के साधन अर्जित कर सकें। गौरतलब है कि सरकार हर साल 15 अगस्त को कुछेक कैदियों को उनके अच्छे आचरण और अन्य मापदंडों के आधार पर रिहा करती है।
जानिए कहां कितने कैदी होंगे रिहा
- सतना जेल से सर्वाधिक 24 कैदी रिहा किए जाएंगे।
- जबलपुर के केंद्रीय कारागार से 20 कैदियों को रिहाई मिलेगी।
- उज्जैन की जेल से 19 कैदियों की रिहाई होगी
- सागर से 19 कैदियों की रिहाई होगी
- 19 कैदियों की रिहाई इंदौर जेल से होगी
- 18 कैदियों की रिहाई ग्वालियर जेल से होगी
- 16 कैदियों की रिहाई भोपाल जेल से होगी
- नरसिंहपुर की जेल से 15 कैदियों की रिहाई होगी
- 15 कैदियों की रिहाई रीवा जेल से होगी
- 14 कैदियों की रिहाई बड़वानी जेल होगी
- 06 कैदियों की रिहाई नर्मदापुरम जेल से होगी
- 04 कैदी टीकमगढ़ जेल से रिहा किए जाएंगे।




