प्रदेशभर में समग्र आईडी की KYC और आधार से लिंकिंग के दौरान बड़ा घोटाला सामने आया है। इंदौर नगर निगम की रिपोर्ट में 6.63 लाख फर्जी समग्र आईडी की पुष्टि हुई है। इस पर पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इससे करोड़ों का घोटाला हुआ है। उन्होंने मांग की है कि इस मामले की उच्चस्तरीय जांच हो और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
सरकार ने शुरू की समग्र आईडी की जांच
प्रदेश सरकार ने सभी जिलों के कलेक्टरों को 7.21 लाख फर्जी समग्र आईडी की जांच और उन्हें पोर्टल से हटाने का आदेश दिया है। इसी क्रम में इंदौर नगर निगम ने रिपोर्ट जारी कर बताया कि शहर के 22 झोन में 6.63 लाख फर्जी समग्र आईडी पाई गई हैं। निगम ने इस काम के लिए हर झोन में प्रभारी भी नियुक्त किए हैं।
पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा का भाजपा पर हमला
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा ने इस रिपोर्ट के आधार पर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि समग्र आईडी एक जरूरी सरकारी पहचान पत्र है, जिसके आधार पर लोगों को राशन से लेकर पेंशन तक की 19 से अधिक योजनाओं का लाभ मिलता है।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सिर्फ इंदौर में ही 6.63 लाख फर्जी समग्र आईडी बनी हैं, तो अब तक इन पर कितना राशन और कितना सरकारी पैसा खर्च हुआ? वर्मा ने इसे “भाजपा सरकार का स्पष्ट भ्रष्टाचार” बताया।
पहले भी हो चुका है फर्जीवाड़ा उजागर
वर्मा ने याद दिलाया कि इंदौर के पूर्व कलेक्टर मनीष सिंह के कार्यकाल में वन नेशन–वन राशन कार्ड योजना के तहत 13,502 फर्जी परिवार सामने आए थे, जिनकी समग्र आईडी और राशन कार्ड बंद कर दिए गए थे।उन्होंने बताया कि उनके निर्देश पर कांग्रेस नेता कौशल और गुरनानी ने मतदाता सूची में भी 2.60 लाख गैर-निवासरत नाम पकड़े थे, जिसे हटाने का शपथ-पत्र उच्च न्यायालय में पेश किया गया था।
राहुल गांधी ने देशभर में उठाया मुद्दा
वर्मा ने कहा कि यह केवल इंदौर तक सीमित नहीं है। देशभर में फर्जी मतदाता और आईडी घोटाले सामने आए हैं।कर्नाटक में 27 लाख और महाराष्ट्र में 47 लाख फर्जी मतदाता जोड़ने के मामले उजागर हुए हैं।राहुल गांधी ने इसे लोकतंत्र पर हमला बताते हुए संसद से लेकर सड़क तक इस मुद्दे को उठाया है। हाल ही में बिहार में भी इस विषय को लेकर रैली निकाली गई।
वर्मा ने दावा किया कि फर्जी समग्र आईडी के जरिए आयुष्मान भारत, लाडली लक्ष्मी, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, संबल योजना जैसी 19 से अधिक सरकारी योजनाओं में घोटाला किया गया है।
उन्होंने सवाल उठाया कि – ये फर्जी समग्र आईडी कब और किन दस्तावेजों पर बनाई गईं, इन आईडी से अब तक कितना राशन बांटा गया और किसे मिला और कौन अधिकारी और नेता इस फर्जीवाड़े के लिए जिम्मेदार हैं?
कांग्रेस ने जांच और कार्रवाई की मांग की
पूर्व पार्षद दिलीप कौशल द्वारा संभागायुक्त, कलेक्टर और निगमायुक्त को ज्ञापन सौंपकर मांग की गई है कि फर्जी समग्र आईडी घोटाले की संवेदनशीलता से जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए।
वर्मा ने कहा कि भाजपा शासन में इंदौर अब सिर्फ सफाई में नंबर 1 नहीं, फर्जीवाड़े में भी नंबर 1 बन गया है।डामर पेचवर्क घोटाला, सीवरेज घोटाला और अब समग्र आईडी घोटाले ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




