इंदौर:
शहर के चर्चित 8 करोड़ रुपए के शासकीय धन गबन मामले में रावजी बाजार थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। कोर्ट ने आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा है, जिससे पूछताछ जारी है।
क्या है मामला?
23 मार्च 2023 को तत्कालीन संयुक्त कलेक्टर मुनीष सिंह सिकरवार की शिकायत पर इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई थी। आरोपियों ने जिला कोषालय से फेल बैंक खातों की जानकारी निकालकर, पात्र हितग्राहियों की जगह अपने परिचितों और रिश्तेदारों के खातों में फर्जी तरीके से सरकारी राशि ट्रांसफर की थी। इस तरह कुल करीब 8 करोड़ रुपए का गबन किया गया।
ऐसे हुआ खुलासा:
सोमवार को पुलिस ने सर्वहारा नगर (परदेशीपुरा) निवासी मनोज उर्फ हल्लू को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि सह-आरोपी रंजीत करोड़ ने गबन की गई राशि में से 13 लाख 72 हजार रुपए मनोज के बैंक खाते में ट्रांसफर किए थे।
पुलिस अब रिमांड के दौरान इस रकम के इस्तेमाल और इस घोटाले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका के बारे में कड़ाई से पूछताछ कर रही है।




