मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में इन दिनों मुस्लिम समुदाय के दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक इज्तिमा का आयोजन हो रहा है। यहां आने वाले लोगों के लंच-डिनर और ब्रेकफास्ट के लिए बड़े पैमाने पर इंतजाम किए गए हैं।
खाने के सारे अरेंजमेंट इस बात को ध्यान में रखकर किए गए हैं कि कोई भूखा न रहे। इस दौरान 2 दिन में 15 टन (15,000 किलो) चावल का पुलाव बना, तो 100 क्विंटल आलू-गोभी, टमाटर, मिर्च, धनिया, बैंगन की सब्जी भी इस्तेमाल हो चुकी है। शुरुआती दो दिन में ही 12 लाख पानी की बोतलें और 10 लाख कप चाय बिक गईं।
हलवे के लिए सूजी, पाव, दाल, दूध के साथ सूखे मेवे भी खूब इस्तेमाल हो रहे हैं। ये आंकड़ा दोगुना से तीन गुना तक बढ़ जाएगा, क्योंकि देशभर से जमातों के आने का सिलसिला जारी है। इज्तिमा में केवल शाकाहारी खाना ही बन रहा है।
दो दिन में आ चुके 6 लाख से ज्यादा लोग
भोपाल में ईंटखेड़ी इलाके के घासीपुरा में 300 एकड़ से ज्यादा एरिया में 18 नवंबर से इज्तिमा जारी है। दो दिन में यहां 6 लाख से ज्यादा लोग आ चुके हैं। रविवार और सोमवार को यह आंकड़ा और बढ़ेगा, क्योंकि मध्यप्रदेश के साथ दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, छत्तीसगढ़, उत्तरप्रदेश, बिहार आदि राज्यों से भी जमातें आ रही हैं। इनके रहने से लेकर खाने-पीने तक की सारी व्यवस्था इज्तिमा में की गई है।




