ग्वालियर में महिला से सरिया मारकर नकदी व गहने लूटने वाले नकाबपोश को कंपू थाना पुलिस ने महाराज बाड़ा इलाके से पकड़ लिया है। पकड़े गए आरोपी से वारदात में प्रयुक्त सरिया बरामद कर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
नशे की लत पूरी करने के लिए आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया था। वह स्मैक-गांजा के नशे का आदी है। पुलिस अब उससे शहर में हुई अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
सीएसपी इंदरगंज अशोक सिंह जादौन ने बताया कि 25 नवंबर (सोमवार) को पैदल जा रही 60 वर्षीय फय्यादी बेगम पत्नी रसूल खान निवासी पिछोरों की पहाड़िया से लूट हुई थी।
महिला जब फायरिंग रेंज वाली पहाड़ी पर थी, तो एक नकाबपोश बदमाश ने सरिया मारकर जेवर, एक हजार रुपए और मोबाइल लूट लिया था। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लूट का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। आखिरकार पुलिस लुटेरे तक पहुंच गई है।
सीसीटीवी नहीं थे इलाके में, यह थी परेशानी
पुलिस ने जांच शुरू की, तो सबसे बड़ी परेशानी यह थी कि जिस इलाके में वारदात हुई थी, वहां कोई भी CCTV कैमरे नहीं लगे थे। इसके साथ ही जिस समय बदमाश ने वारदात को अंजाम दिया, वह नकाब बांधे हुए था, जिससे शहर के आने-जाने के रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी बदमाश की पहचान नहीं हो पा रही थी।
अचानक खर्च करने लगा नशेड़ी तो पुलिस को मिली टिप
आरोपी को पकड़ने के लिए टीआई कंपू अमित शर्मा के नेतृत्व में कंपू थाना पुलिस ने कई ऐंगल खंगाल लिए थे। तभी मुखबिर से पुलिस को टिप मिली कि गेंडे वाली सड़क निवासी राहुल उर्फ दीपक श्रीवास्तव पुत्र सुभाष श्रीवास्तव आजकल काफी ज्यादा खर्चा कर रहा है और जमकर नशे में रुपए उड़ा रहा है।
इसका पता चलते ही पुलिस ने उसकी तलाश की तो पता चला कि वह महाराज बाड़ा पर है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में लिया और पूछताछ में उसने वारदात करना कुबूल कर लिया। वहीं उससे सरिया और महिला के गहने भी बरामद कर लिए गए हैं।
इस मामले में एसपी ग्वालियर धर्मवीर सिंह का कहना है कि महिला को सरिया मारकर लूट करने वाले बदमाश को कंपू थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए बदमाश से पूछताछ कर अन्य वारदातों का पता लगाया जा रहा है।




