भोपाल (मिसरोद): राजधानी के मिसरोद इलाके में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक महिला सिक्योरिटी गार्ड के साथ उसके ही समधी (बहू के पिता) द्वारा पिछले 8 महीनों से दुष्कर्म किए जाने की घटना उजागर हुई है। आरोपी न केवल महिला का शारीरिक शोषण कर रहा था, बल्कि उसे अपने ही दफ्तर के मालिक को झूठे केस में फंसाकर मोटी रकम वसूलने के लिए मजबूर भी कर रहा था।
मजबूरी का उठाया फायदा
पुलिस के अनुसार, 45 वर्षीय पीड़िता एक प्राइवेट एजेंसी में गार्ड की नौकरी करती है। पीड़िता का पति अपहरण के एक मामले में जेल में है। इसी मजबूरी का फायदा उठाकर आरोपी समधी ने उसे शादी का झांसा दिया और यह कहकर मेल-जोल बढ़ाया कि उसका पति अब जेल से बाहर नहीं आएगा। इस दौरान आरोपी ने महिला के साथ कई बार अनैतिक संबंध बनाए।
साजिश: मालिक को फंसाने का बनाया प्लान
हैरानी की बात यह है कि आरोपी अब महिला पर अपनी ही सिक्योरिटी एजेंसी के संचालक (बॉस) के खिलाफ रेप और एट्रोसिटी एक्ट का झूठा मामला दर्ज कराने का दबाव बना रहा था। उसका मकसद मालिक को ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठना था। जब पीड़िता ने इस साजिश का हिस्सा बनने से मना किया, तो आरोपी उसे बदनाम करने की धमकियां देने लगा।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
आरोपी की हरकतों और लगातार मिल रही धमकियों से तंग आकर पीड़िता ने मिसरोद थाने में आपबीती सुनाई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




