जबलपुर। धार्मिक यात्राओं के नाम पर सक्रिय साइबर ठगों ने अब शहर के एक वरिष्ठ जज को अपनी ठगी का शिकार बनाया है। जिला अदालत में पदस्थ विशेष न्यायाधीश प्रमेंद्र सिंह से चारधाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर और कार बुकिंग के नाम पर 1 लाख 7 हजार 793 रुपए की धोखाधड़ी की गई है।
ऐसे बुना ठगों ने जाल:
जज ने सोशल मीडिया पर ‘ट्रिपलांजा’ नामक कंपनी का विज्ञापन देखकर संपर्क किया था। खुद को टूर संचालक बताने वाले ठग ने प्रति व्यक्ति ₹25,500 में हरिद्वार से हेलीकॉप्टर यात्रा का झांसा दिया। ठगों ने जज का भरोसा जीतने के लिए जाली बिल और उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड के फर्जी दस्तावेज भी भेजे। न्यायाधीश ने दो किस्तों में कुल 1.07 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।
संदेह होने पर खुली पोल:
जब ठगों ने अतिरिक्त रुपयों की मांग की, तो जज को संदेह हुआ। उन्होंने कंपनी की असली वेबसाइट निकालकर देहरादून मुख्यालय फोन किया, जहाँ पता चला कि वह विज्ञापन फर्जी था। मामले की गंभीरता को देखते हुए गोरखपुर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब ट्रांजेक्शन और मोबाइल नंबरों के जरिए साइबर अपराधियों की तलाश कर रही है।




