भोपाल। शहर के प्लेटिनम प्लाजा स्थित एक फास्ट फूड रेस्टोरेंट की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहाँ एक ग्राहक के सैंडविच में मरी हुई मक्खी निकली। ग्राहक ने इसकी शिकायत फूड सेफ्टी विभाग से की है, जिस पर मंगलवार को विभाग के अधिकारी जांच करने पहुँचेंगे।
यह है मामला
अशोका गार्डन निवासी शोभा अहिरवार ने बताया कि 15 जून की दोपहर वे ‘शर्मा चाइनीज फास्ट फूड’ रेस्टोरेंट गई थीं। वहां उन्होंने 219 रुपये का ‘चीज सैंडविच’ ऑर्डर किया। शोभा का आरोप है कि सैंडविच खाते समय उन्हें उसमें मरी हुई मक्खी मिली। उन्होंने तुरंत इसकी शिकायत रेस्टोरेंट स्टाफ से की, लेकिन उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया।
सबूत के साथ की शिकायत
ग्राहक ने घटना का वीडियो और फोटो भी सुरक्षित रखा है। शोभा ने कहा कि यह सीधे तौर पर आम लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ है। इसके बाद उन्होंने मामले की औपचारिक शिकायत फूड एंड सेफ्टी विभाग से की है।
क्या कहना है रेस्टोरेंट का?
मामले पर रेस्टोरेंट के कैशियर सौरभ भीमरे का कहना है, “हमें सोमवार को इस शिकायत के बारे में पता चला। हमने ग्राहक की बात सुनी है। हम साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखते हैं, मक्खी सैंडविच में कैसे आई, यह पता नहीं चल सका है।”




