भोपाल। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के विरोध में कांग्रेस ने राजधानी के रोशनपुरा चौराहे पर ‘लोकतंत्र बचाओ सत्याग्रह’ शुरू कर दिया है। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने चुनाव प्रक्रिया और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर सवाल खड़े कर सनसनी फैला दी है।
CEC की निष्पक्षता पर सवाल
दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य भी हैं। उन्होंने कहा कि एक संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति का ट्रस्ट से जुड़ा होना हितों का टकराव है। इसके साथ ही उन्होंने राम मंदिर निर्माण में चंदे में गड़बड़ी के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
क्या है मामला?
रिटर्निंग अधिकारी ने मीनाक्षी नटराजन द्वारा तेलंगाना में एक न्यायालयीन मामले की जानकारी छिपाने के आधार पर उनका नामांकन निरस्त कर दिया था। कांग्रेस ने इसके खिलाफ चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, लेकिन कहीं से राहत नहीं मिली।
चरखा चलाकर जताया विरोध
सत्याग्रह के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चरखा चलाकर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी का कहना है कि यह लोकतंत्र की हत्या है और वे अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। कार्यक्रम में मीनाक्षी नटराजन, पीसी शर्मा सहित कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।




