भोपाल। शाहपुरा थाना क्षेत्र के रोहित नगर फेस-2 में किराए से रहने वाले 28 वर्षीय छात्र सौरभ सिंह ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मूल रूप से ग्वालियर निवासी सौरभ भोपाल में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ नौकरी भी कर रहा था।
बहन के फोन के बाद खुला मामला
पुलिस के अनुसार, सौरभ अपने दोस्त आदित्य के साथ कमरा शेयर करता था। शनिवार रात सौरभ की बहन ने आदित्य को फोन कर बताया कि सौरभ उनका कॉल नहीं उठा रहा है। जब आदित्य कमरे पर पहुंचा, तो दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से देखने पर सौरभ का शव गमछे के फंदे से लटका मिला।
नहीं मिला सुसाइड नोट
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों का कहना है कि उसने कभी किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया था। फिलहाल पुलिस छात्र का मोबाइल जब्त कर उसकी कॉल डिटेल खंगाल रही है, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।




