भोपाल। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को भोपाल देहात पुलिस परिसर में सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। वर्ष 2026 की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ को केंद्र में रखते हुए पुलिस बल ने अनुशासित जीवनशैली का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस महानिरीक्षक (भोपाल देहात रेंज) संजय तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इस अवसर पर डीआईजी राजेश चंदेल, एसपी पंकज कुमार पाण्डेय और एसडीओपी मंजु चौहान सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
आयुष विभाग के प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में सभी ने योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि पुलिस की चुनौतीपूर्ण ड्यूटी में मानसिक एकाग्रता और शारीरिक फिटनेस के लिए योग अत्यंत आवश्यक है। यह आयोजन पुलिसकर्मियों को तनावमुक्त रहने और बेहतर कार्यक्षमता के साथ जनसेवा के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से किया गया।










