इंदौर। शिशुकुंज स्कूल में बच्चों के बीमार होने की घटना के बाद हरकत में आए जिला प्रशासन ने शहर के स्कूलों की ‘किचन ऑडिट’ शुरू कर दी है। बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने कई बड़े स्कूलों में छापे मारे, जिसमें भारी अनियमितताएं सामने आईं।
प्रमुख कार्रवाई:
- गुरु हरिकिशन पब्लिक स्कूल: स्कूल के पास वैध खाद्य लाइसेंस ही नहीं था। किचन में एक्सपायरी सामान मिला, जिसे नष्ट करवाकर किचन को तत्काल बंद करने के निर्देश दिए गए। स्कूल में बिना जांच वाला टैंकर का पानी इस्तेमाल हो रहा था।
- न्यू दिगंबर पब्लिक स्कूल (NDPS): यहां सॉस और खाद्य तेल जैसी सामग्री एक्सपायरी मिली। अधिकारियों ने सामग्री जब्त कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
- अन्य स्कूल: एडवांस एकेडमी और डीपीएस की भी जांच की जा रही है।
अभिभावक रखें नजर, हेल्पलाइन पर करें शिकायत
कलेक्टर शिवम वर्मा ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि बच्चों की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि यदि किसी स्कूल की कैंटीन या मेस में गंदगी या मिलावट दिखे, तो तुरंत कलेक्टर हेल्पलाइन 0731-181 पर इसकी सूचना दें। प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।




