बेगमगंज (रायसेन)। तहसील के तुलसीपार गांव में शनिवार शाम पुरानी रंजिश के चलते एक युवक ने तलवार से हमला कर तीन लोगों को लहूलुहान कर दिया। गंभीर रूप से घायल एक युवक को सागर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जबकि दो अन्य का इलाज सिविल अस्पताल में जारी है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
केस वापस लेने का बना रहा था दबाव
पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम करीब 4 बजे आरोपी अभिषेक अठ्या (22) गांव में नारायण यादव की दुकान पर पहुंचा। उसने पिछले महीने दर्ज कराए गए एक केस को वापस लेने का दबाव बनाया। इस बात पर सचिन यादव (28) के साथ उसकी कहासुनी हो गई।
तलवार से बरसाए घाव
विवाद इतना बढ़ा कि अभिषेक घर से तलवार लेकर लौटा और सचिन पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए अभिषेक गौर और छोटू कुशवाहा भी तलवार की चपेट में आकर घायल हो गए। हमले में सचिन के चेहरे और नाक पर गंभीर चोटें आई हैं।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी राजीव उइके ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। गांव में हुई इस सनसनीखेज घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है।




