भोपाल। ट्रेनों में यात्रियों का सामान काटने और नकदी-जेवर उड़ाने वाले कुख्यात ‘सांसी गैंग’ के एक शातिर सदस्य को भोपाल रेल पुलिस (GRP) ने 11 साल की मशक्कत के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सत्यभान सांसी (40) हरियाणा के भिवानी का रहने वाला है।
15 वारंट और 54 हजार का था इनाम
सत्यभान पर मध्य प्रदेश के अलग-अलग स्टेशनों पर 15 स्थायी वारंट लंबित थे, जिनमें 13 भोपाल GRP और 2 इटारसी GRP के थे। उस पर पुलिस ने 54 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। वह ट्रेन के स्लीपर और जनरल कोच में सवार होकर ब्लेड से बैग काटकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
गुवाहाटी जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया
भोपाल GRP ने कई महीनों से उसकी तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया था। साइबर सेल की मदद से पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रैक की। गुवाहाटी (असम) में उसके पकड़े जाने की सूचना मिलते ही भोपाल पुलिस ने वहां संपर्क किया। कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट जारी करवाकर उसे भोपाल लाया गया और सभी 15 मामलों में उसकी विधिवत गिरफ्तारी की गई।




