इंदौर। शहर के सराफा थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक फ्रूट व्यापारी को पेटीएम अपडेट करना उस समय भारी पड़ गया, जब जालसाजों ने उनके अकाउंट का एक्सेस लेकर पलक झपकते ही लाखों रुपये पार कर दिए।
क्या है पूरा मामला?
विद्याचल कॉलोनी निवासी कल्पेश जैन हुकुमचंद मार्ग पर फलों का व्यापार करते हैं। पीड़ित के अनुसार, 2 जून को उनके मोबाइल पर पेटीएम सस्पेंड होने का एक फर्जी नोटिफिकेशन आया। इसके बाद उन्हें ऐप अपडेट करने के लिए कहा गया। जैसे ही कल्पेश ने ऐप अपडेट किया, उनका फोन स्विच ऑफ हो गया और दोबारा चालू करने पर ऐप ने काम करना बंद कर दिया।
बैंक पहुंचे तो उड़े होश
ठगी का खुलासा तब हुआ जब 5 जून को उन्होंने किसी ग्राहक को भुगतान करने की कोशिश की और ‘लिमिट समाप्त’ का मैसेज आया। बैंक जाकर पड़ताल करने पर पता चला कि 2 से 5 जून के बीच उनके खाते से आधा दर्जन से अधिक ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 3.92 लाख रुपये निकाल लिए गए हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़ित की शिकायत पर सराफा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साइबर सेल की मदद से पुलिस उन बैंक खातों और ट्रांजेक्शन को ट्रैक कर रही है, जिनमें यह राशि भेजी गई है।
सावधानी: पुलिस ने नागरिकों को सलाह दी है कि किसी भी अनजान लिंक या नोटिफिकेशन पर भरोसा कर ऐप अपडेट न करें और न ही अपनी बैंकिंग जानकारी किसी से साझा करें।




