भोपाल: मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड में दो गैर-मुस्लिम सदस्यों की नियुक्ति का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। अब ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लमीन (AIMIM) ने इस मुद्दे पर आक्रामक रुख अपना लिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान ने बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल के सामाजिक बहिष्कार (सोशल बॉयकॉट) का ऐलान किया है।
क्या है मामला?
मोहसिन अली खान ने वक्फ संशोधन अधिनियम को ‘मुस्लिम विरोधी’ करार देते हुए कहा कि जो भी इसका समर्थन करेगा, उसका विरोध किया जाएगा। उन्होंने मुस्लिम समाज से अपील की है कि डॉ. सनवर पटेल को निकाह, वलीमा, जन्मदिन और किसी भी अन्य सामाजिक कार्यक्रम में आमंत्रित न किया जाए।
कांग्रेस विधायक से इस्तीफे की मांग
AIMIM ने वक्फ बोर्ड के सदस्य और कांग्रेस विधायक को भी निशाने पर लिया है। पार्टी का कहना है कि यदि वे इस नियुक्ति का विरोध करते हैं, तो उन्हें नैतिक आधार पर बोर्ड की सदस्यता से इस्तीफा दे देना चाहिए।
घर-घर चलेगा अभियान
AIMIM ने चेतावनी दी है कि वे इस मुद्दे पर पूरे प्रदेश में जन-जागरण अभियान चलाएंगे। पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगे और बोर्ड अध्यक्ष के सामाजिक बहिष्कार की अपील करेंगे। राज्य में इस मुद्दे पर मुस्लिम संगठनों का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है।




