भोपाल / रीवा
रीवा जिले में आदिवासी कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमित कोल की हत्या के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस के आदिवासी नेताओं ने भोपाल में पुलिस मुख्यालय पहुंचकर डीजीपी कैलाश मकवाना से मुलाकात की।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेस ने केवल आरोपियों की गिरफ्तारी को नाकाफी बताते हुए पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश करने और मामले को सीबीआई (CBI) को सौंपने की मांग की है।
प्रमुख माँगें:
- सीबीआई जांच: मामले की निष्पक्ष जांच के लिए केस केंद्रीय एजेंसी (CBI) या स्वतंत्र उच्चस्तरीय एजेंसी को ट्रांसफर किया जाए।
- षड्यंत्र का खुलासा: हत्याकांड के पीछे के वास्तविक कारणों, राजनीतिक और वित्तीय हितों तथा पर्दे के पीछे छिपे सह-अभियुक्तों का जल्द खुलासा हो।
- पारिवारिक सुरक्षा और सहायता: पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता, सुरक्षा और विधिक सहायता प्रदान की जाए।
- सुरक्षा नीति: प्रदेश में आदिवासी जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की सुरक्षा के लिए ठोस नीति बनाई जाए।
इस प्रतिनिधिमंडल में उमंग सिंघार के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया, प्रदेश अध्यक्ष रामू टेकाम, पूर्व गृह मंत्री बाला बच्चन, ओमकार सिंह मरकाम समेत कई वरिष्ठ विधायक और आदिवासी नेता मौजूद रहे।




