भोपाल। थाना अयोध्या नगर पुलिस ने चाय कैफे की आड़ में कॉलेज छात्रों को एमडी (MD) ड्रग्स बेचने वाले दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुख्यालय के “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई में आरोपियों के पास से 3 ग्राम एमडी ड्रग्स, एक मारुति इग्निस कार और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जिसकी कुल कीमत लगभग साढ़े छह लाख रुपये है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी महेश लिल्हारे की टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर मीनल रेसीडेंसी क्षेत्र से आरोपी हर्ष सोनी (26) और दीपक ठाकुर (26) को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सस्ते दामों पर ड्रग्स खरीदकर मीनल रेसीडेंसी और इंद्रपुरी इलाके के कॉलेज छात्रों और युवाओं को महंगे दामों पर बेचते थे। आरोपी दीपक अपने चाय कैफे की आड़ में छात्रों को आसानी से ड्रग्स सप्लाई करता था।
पकड़े गए आरोपियों में हर्ष सोनी बी.ई. पास होकर प्राइवेट कंपनी में कार्यरत है, जबकि दीपक ठाकुर 12वीं पास चाय कैफे संचालक है। अयोध्या नगर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि ड्रग्स के मुख्य सप्लायर और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पर्दाफाश किया जा सके।




