भोपाल। राजधानी भोपाल के गुलमोहर इलाके में स्थित ‘बनतारा रेस्टोरेंट’ पर आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। यहां बिना वैध लाइसेंस के अवैध रूप से बार संचालित किया जा रहा था। टीम ने बीती रात दबिश देकर करीब 4 लाख रुपये कीमत की 100.14 लीटर महंगी विदेशी शराब और बीयर जब्त की है। कार्रवाई के दौरान रेस्टोरेंट का मुख्य संचालक मौके से फरार हो गया, जबकि एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
विज्ञापन देकर ग्राहकों को परोस रहे थे शराब
सहायक आबकारी आयुक्त वीरेन्द्र धाकड़ के निर्देश और नियंत्रण कक्ष प्रभारी रामगोपाल भदौरिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई 6 अगस्त की रात को मुखबिर की सटीक सूचना पर की गई। जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि रेस्टोरेंट के पास बार चलाने का कोई लाइसेंस नहीं था, फिर भी संचालक द्वारा इसका खुलेआम विज्ञापन किया जा रहा था और ग्राहकों को अवैध रूप से शराब परोसी जा रही थी।
आबकारी टीम ने मौके से अनिकेत नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया, जिसे आज न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। फरार मुख्य संचालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) और 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
एक अन्य मामले का फरार आरोपी भी गिरफ्तार
इसी कड़ी में आबकारी उपनिरीक्षक चन्दर सिंह ने धारा 34(1) क (2) के एक अन्य महत्वपूर्ण मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी संजय जाट (निवासी ग्राम निपानिया जाट) को भी गिरफ्तार कर लिया है। उसे कल न्यायालय में पेश किया जाएगा।
अवैध शराब कारोबारियों को सख्त चेतावनी
सहायक आबकारी आयुक्त श्री धाकड़ ने स्पष्ट किया है कि जिले में बिना लाइसेंस शराब बेचने, स्टोर करने और अवैध बार चलाने वालों के खिलाफ विभाग का यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी है कि ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही या नरमी नहीं बरती जाएगी और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





