इंदौर की ला एग्जॉटिका कॉलोनी में बुधवार रात चौकीदार धर्मेंद्र मालवीय की हत्या के मामले में लसूड़िया पुलिस ने शुक्रवार को मुख्य आरोपी राजा कुमावत और उसकी प्रेमिका शालिनी उर्फ सेजल को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी शहर छोड़कर भागने की फिराक में थे।
टीआई राजकुमार यादव की टीम ने बायपास स्थित बेस्ट प्राइज के पास बस स्टॉप से दोनों को धर दबोचा और घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली।
यह था पूरा मामला
बुधवार रात आरोपी राजा अपनी महिला मित्र के साथ जबरन कार लेकर टाउनशिप में घुसा था। चौकीदार धर्मेंद्र के परिवार ने इसका विरोध करते हुए वीडियो बना लिया था। इसी बात पर उपजे विवाद के दौरान आरोपी राजा ने बेरहमी से अपनी कार पहले धर्मेंद्र के ऊपर चढ़ाई और फिर गाड़ी वापस घुमाकर दोबारा उसके ऊपर से निकाल दी, जिससे धर्मेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचव करने आए उनके रिश्तेदार गोविंद के पैर में भी गंभीर चोटें आई थीं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि राजा की पत्नी छह महीने पहले किसी अन्य व्यक्ति के साथ चली गई थी, जिसके बाद से वह शालिनी के साथ प्रेम संबंध में रह रहा था। पुलिस अब दोनों से आगे की पूछताछ कर रही है।



