उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने सोमवार को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंचकर बंडा क्षेत्र में अवैध शराब पीने से बीमार हुए मरीजों से मुलाकात की और डॉक्टरों से उनके इलाज की पूरी जानकारी ली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर मृतक के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। एक गंभीर मरीज को बेहतर इलाज के लिए भोपाल एम्स भेजा गया है, जबकि अन्य अधिकांश मरीजों की हालत अब स्थिर है।
डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाई जाए और लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। पुलिस प्रशासन ने इस मामले में थाना बंडा में 30 आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सरकार की ओर से अस्पताल में मरीजों के इलाज के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम और जरूरी संसाधनों की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।


















