भोपाल के ऐशबाग इलाके में साइबर ठगों ने बैंक खाते की सुरक्षा में सेंध लगाकर एक बुजुर्ग के खाते से करीब 6 लाख रुपए पार कर दिए। हैरान करने वाली बात यह है कि इतनी बड़ी रकम ट्रांसफर होने के बाद भी पीड़ित के मोबाइल पर एक भी ओटीपी (OTP) नहीं आया।
पुलिस के मुताबिक, अफकार कॉलोनी निवासी 61 वर्षीय शरीफ अहमद कुरैशी का आईसीआईसीआई बैंक की अशोका गार्डन शाखा में खाता है, जिससे उनकी फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) जुड़ी हुई थी। 4 सितंबर को दोपहर 12 से 12:30 बजे के बीच अज्ञात ठगों ने इंटरनेट बैंकिंग के जरिए उनकी एफडी से तीन बार में कुल 5 लाख 99 हजार 9 रुपए 62 पैसे निकाल लिए।
पीड़ित का कहना है कि उन्होंने अपना पासवर्ड, पिन या सीवीसी जैसी कोई भी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं की थी। घटना की जानकारी मिलने पर बुजुर्ग ने बैंक से संपर्क किया और साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। साइबर पुलिस अब बैंक रिकॉर्ड और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह जांच कर रही है कि ठगों ने बिना ओटीपी के इस वारदात को कैसे अंजाम दिया।




