भोपाल
मध्य प्रदेश में तीन दिन से चल रहा इंटर्न डॉक्टरों का आंदोलन आखिरकार बुधवार को समाप्त हो गया। स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के साथ हुई बैठक में सरकार ने उनकी मांगें मान ली हैं, जिसके बाद डॉक्टरों ने प्रदर्शन खत्म करने की घोषणा कर दी।
सरकार ने इंटर्न डॉक्टरों का स्टाइपेंड 50% बढ़ा दिया है, जिससे अब उन्हें 21,500 रुपए मिलेंगे। इसके साथ ही, प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और वाटर कैनन के इस्तेमाल की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है और दो पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया गया है।
अस्पतालों में सामान्य हुई व्यवस्था
आंदोलन के तीसरे दिन बुधवार को भोपाल के हमीदिया अस्पताल की ओपीडी सेवाएं प्रभावित रहीं और केवल दो ही ऑपरेशन हो पाए, जिससे मरीजों को परेशानी उठानी पड़ी। हालांकि, मांगें पूरी होने की घोषणा के बाद डॉक्टरों में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने कमला पार्क के पास जश्न मनाया। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक व्यवस्था को सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।




