भोपाल
मिसरोद थाना क्षेत्र की फार्च्यून सोम्या हेरिटेज कॉलोनी में मंगलवार रात एक तेज रफ्तार एसयूवी चालक ने जमकर आतंक मचाया। नशे या लापरवाही में धुत चालक ने एक के बाद एक करीब 8 वाहनों को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। गनीमत यह रही कि इस पूरे हादसे में किसी को चोट नहीं आई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी चालक कॉलोनी में रहने वाले अपने किसी दोस्त से मिलने आया था और पहले भी यहां आता-जाता रहा है। उसने सबसे पहले पार्किंग में खड़ी एक कार को टक्कर मारी। विरोध करने पर गाड़ी रोकने के बजाय उसने रफ्तार और बढ़ा दी और रास्ते में खड़े अन्य वाहनों को रौंदता चला गया।
हंगामा बढ़ता देख रहवासियों ने समझदारी दिखाते हुए कॉलोनी का मुख्य गेट बंद कर दिया, लेकिन आरोपी ने गेट को भी जोरदार टक्कर मारकर तोड़ दिया और वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। रहवासी कमल सिंह की शिकायत पर मिसरोद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।




