भोपाल
राजधानी के टीटी नगर इलाके में सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवती की शादी कहीं और तय होने से नाराज सिरफिरे आशिक ने उसके घर पर पेट्रोल बम फेंककर आग लगाने की कोशिश की। घटना 14 सितंबर की है, जिसका वीडियो गुरुवार को सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस से शिकायत के बावजूद नहीं थमी हरकतें
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अरबाज उर्फ भैयू काफी समय से युवती को परेशान कर रहा था। उसने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा था, जिसे युवती ने ठुकरा दिया था। इसके बाद युवती की शादी दूसरी जगह तय हो गई, जिससे आरोपी और अधिक आक्रोशित हो गया।
आरोपी ने पहले युवती के मंगेतर को जान से मारने की धमकी दी और उसकी मोपेड में पत्थर मारकर तोड़फोड़ की। लगातार प्रताड़ना से तंग आकर युवती ने डायल-112 पर सूचना देने के साथ स्थानीय थाने में भी शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और हाल ही में उसने युवती के घर को निशाना बनाते हुए पेट्रोल से भरी बोतल फेंक दी।
आरोपी गिरफ्तार
अचानक हुए इस हमले से पीड़ित परिवार और पड़ोसियों में दहशत फैल गई। हालांकि, परिजनों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। टीटी नगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामला दर्ज किया और आरोपी अरबाज को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है कि इस वारदात में उसके साथ और कौन-कौन शामिल था।




