इंदौर:
मध्य प्रदेश के इंदौर के बजरंग नगर इलाके में नशे में धुत बदमाशों ने बुधवार रात जमकर उत्पात मचाया। शराब के लिए रुपए मांगने और मुफ्त में मोमोज न मिलने पर बदमाशों ने दुकानदार पर कढ़ाई का खौलता हुआ तेल फेंक दिया। बीच-बचाय करने आए एक पड़ोसी युवक पर भी चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए गए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
मुफ्त मोमोज और शराब के लिए कर रहे थे अड़ीबाजी
पीड़ित दुकानदार समीर मोरे ने पुलिस को बताया कि बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपनी दुकान पर ग्राहकों को मोमोज बेच रहा था। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार होकर चार बदमाश वहां पहुंचे। उन्होंने पहले मुफ्त में मोमोज मांगे और फिर शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगे।
जब समीर ने रुपए देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और गुस्से में आकर कढ़ाई में भरा खौलता हुआ तेल उसके ऊपर उड़ेल दिया।
बचाने आए पड़ोसी पर चाकू से वार
इस बीच, अपनी बहन के साथ मोमोज खाने आया पड़ोसी हर्ष गणगोरे बीच-बचाय करने आगे आया। रंजिश में बदमाशों ने हर्ष के हाथ और पैर पर चाकू से कई वार कर दिए। इसके बाद चारों आरोपी मौके से भागने लगे।
एक आरोपी पकड़ाया, बाकी की तलाश जारी
भागने के दौरान स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए एक आरोपी शुभम पंडित को दबोच लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। हालांकि, उसके तीन अन्य साथी अमन गेले, पीयूष और पवन गुर्जर मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवकों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही कुछ अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाल रही है।




