भोपाल:
कोलार रोड थाना और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने एसीपी के घर में हुई सनसनीखेज चोरी का खुलासा करते हुए एक शातिर अंतर्राज्यीय नकबजन गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 10 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात, बर्तन, मूर्तियां, सिक्के, एक स्विफ्ट कार और मोबाइल फोन सहित कुल 25 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
ऐसे दिया था वारदात को अंजाम
घटना 10 और 11 सितंबर 2026 की दरमियानी रात की है। कोलार रोड स्थित डीके-2 दानिशकुंज निवासी फरियादी विजय कुमार दुबे (जो एसीपी स्तर के अधिकारी के रूप में सेवारत हैं) अपने परिवार के साथ बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर घर में रखे लोन के 10 लाख रुपये नकद और कीमती सामान पार कर दिया था।
1500 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पहुंचे आरोपियों तक
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीमों ने घटनास्थल से लेकर सोनकच्छ (देवास) तक के लगभग 1500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी मदद और हुलिए के आधार पर यह सुराग मिला कि आरोपी स्विफ्ट कार (क्रमांक MP09CM0536) से भोपाल आए थे।
शातिर अपराधियों का है पुराना रिकॉर्ड
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जिन चार आरोपियों को दबोचा है, उनके नाम और आपराधिक इतिहास इस प्रकार हैं:
- पवन आर्य (41): निवासी भिंड (कुल 39 आपराधिक प्रकरण दर्ज)
- रोहित पाल (35): निवासी उज्जैन (कुल 15 आपराधिक प्रकरण दर्ज)
- देवेन्द्र गुर्जर उर्फ देवा (38): निवासी इंदौर (कुल 15 आपराधिक प्रकरण दर्ज)
- दीपक गुर्जर (21): निवासी इंदौर (कुल 02 आपराधिक प्रकरण दर्ज)
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों और मध्य प्रदेश के कई जिलों में गंभीर अपराध दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों को रिमांड पर लिया है, जिनसे अन्य वारदातों और चोरी गए शेष सामान के बारे में पूछताछ की जा रही है। इस सराहनीय कार्रवाई में कोलार थाना प्रभारी संजय सिंह सोनी और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही।






