शिवपुरी: जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने परचून की दुकान की आड़ में अवैध रूप से गांजा बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की दुकान से 1 किलो 138 ग्राम गांजा और 3,730 रुपए नकद बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत 23,730 रुपए है।
बैराड़ थाना प्रभारी सुरेश शर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि वार्ड नंबर-6 निवासी 52 वर्षीय मातादीन शर्मा अपनी दुकान पर अवैध रूप से गांजा बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दुकान पर छापा मारा और तलाशी के दौरान प्लास्टिक के कट्टे में छिपाकर रखा गया सूखा गांजा और नकदी बरामद कर ली।
पुलिस पूछताछ में आरोपी मातादीन ने खुलासा किया कि वह पोहरी निवासी भल्लू बाबा गोस्वामी से 12 हजार रुपए प्रति किलो के भाव से गांजा खरीदकर लाता था और फिर उसे 18 से 20 हजार रुपए प्रति किलो के दाम पर बेचता था। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी के बताए मुख्य सप्लायर भल्लू बाबा की तलाश व उसकी भूमिका की जांच शुरू कर दी है।




