भोपाल:
रातीबड़ थाना क्षेत्र के नीलबड़ में दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलसे 13 वर्षीय सातवीं के छात्र कृष्णा नायक की गुरुवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना 6 अक्टूबर की है। नीलबड़ के शिव नगर फेस-2 में रहने वाला कृष्णा अपने पिता खजान सिंह नायक से गाड़ी की चाबी मांग रहा था। पिता ने चाबी नीचे फेंककर दी, जो घर के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के तारों पर जाकर अटक गई। चाबी निकालने के लिए कृष्णा ने वाइपर का इस्तेमाल किया, तभी वह हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया और करंट से बुरी तरह झुलस गया।
परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां कई दिनों तक उसकी हालत नाजुक बनी रही। गुरुवार सुबह इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।




