भोपाल:
जयप्रकाश जिला अस्पताल (जेपी अस्पताल) में वेतन और स्टाइपेंड न मिलने से नाराज डॉक्टरों की भूख हड़ताल गुरुवार को भी जारी है। चिकित्सक 21 अक्टूबर से अनशन पर बैठे हैं और रातभर अस्पताल परिसर में ही डटे रहे।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष बरथरे और डॉ. रविंद्र पाल का करीब तीन महीने का वेतन बकाया है। बुधवार को सिविल सर्जन के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर एक महीने का वेतन जारी करने की बात कही थी, लेकिन डॉक्टरों के मुताबिक जांच करने पर पूरी राशि नहीं मिली बल्कि वेतन में कटौती की गई है। वहीं, उनके साथ भूख हड़ताल पर बैठे पीजी छात्र डॉ. शुभम कश्यप का पांच महीने का स्टाइपेंड और पिछले तीन साल का एरियर अब तक रुका हुआ है।
डॉक्टरों ने भुगतान में देरी और कटौती के स्पष्ट कारण बताने के साथ पूरी बकाया राशि जल्द जारी करने की मांग की है। इस मामले में अस्पताल प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।




