भोपाल: रविवार शाम भोपाल के आईएसबीटी बस स्टैंड पर आठ बसों में भीषण आग लगने की घटना के बाद नगर निगम पूरी तरह सख्त हो गया है। मंगलवार को निगम कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार ने आईएसबीटी का औचक निरीक्षण किया और परिसर से गैर-संचालित प्राइवेट बसों को तुरंत हटाने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि जो बसें लंबे समय से यहां बिना संचालन के खड़ी हैं, उनके संचालकों को नोटिस जारी किए जाएंगे और जुलाई महीने से अब तक का किराया भी वसूला जाएगा। नियमित रूप से चलने वाली बसों के लिए भी केवल सवारी बैठाने और उतारने की निश्चित समयावधि तय की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने आग की चपेट में आने वाली वर्मा ट्रेवल्स के मैनेजर से चर्चा की और जल्द ही अन्य ट्रेवल्स संचालकों की बैठक बुलाने के निर्देश दिए। भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए आईएसबीटी परिसर में फायर हाइड्रेंट स्थापित करने, बिजली की वायरिंग की जांच कराने और नियमित साफ-सफाई के कड़े आदेश दिए गए हैं। इसके अलावा परिसर में पड़ी साइकिल्स और ई-बाइसकिल्स को पीपीपी मोड पर संचालित करने के लिए टेंडर जारी करने को भी कहा गया है। इस दौरान अपर आयुक्त सुमित कुमार पांडे, उपायुक्त भुवन गुप्ता और चंचलेश गिरहारे समेत निगम के कई अधिकारी मौजूद रहे।




