भोपाल: राजधानी के बिलखिरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जमुनिया कला गांव से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां एक 42 वर्षीय महिला का शव उनके घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतका की पहचान अनीता मैथिल (42) पत्नी मोहन मैथिल के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पिछले कुछ महीनों से उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और उनका इलाज चल रहा था।
यह है पूरा घटनाक्रम: परिजनों के मुताबिक, बुधवार रात अनीता ने करवाचौथ का व्रत रखने की बात कही थी और इसके बाद वह सोने चली गई थीं। गुरुवार सुबह करीब 7 बजे जब उनकी बेटी उठी और कमरे में गई, तो उसने मां का शव फंदे पर लटका देखा। बेटी की चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
मानसिक स्थिति का चल रहा था इलाज: मृतका के पति मोहन मैथिल खेती-किसानी करते हैं। दंपती के तीन बेटियां और एक बेटा है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि अनीता पिछले करीब तीन महीने से मानसिक तनाव से जूझ रही थीं और उनका इलाज भी चल रहा था।
पुलिस जांच में जुटी: घटना की सूचना मिलते ही बिलखिरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर लिया। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस परिवार वालों के बयान दर्ज कर रही है और हर पहलू से मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।



