भोपाल: शहर के अयोध्या नगर इलाके में शुक्रवार रात पुलिस की रूटीन चेकिंग के दौरान ‘थाई आरोमा वेलनेस सेंटर फैमिली सैलून एंड स्पा’ में बड़ी अनियमितताएं सामने आईं। जांच के दौरान वहां युगांडा की दो विदेशी युवतियां बिना पासपोर्ट और वीजा के काम करती पाई गईं।
छापे के वक्त स्पा सेंटर में कुल 6 महिलाएं और एक पुरुष मौजूद मिले। युगांडा की रहने वाली रशीम (मैसी) और ईरीन (नीना) पूछताछ में अपने पासपोर्ट और वीजा से जुड़े वैध कागजात नहीं दिखा सकीं। उन्होंने बताया कि वे नौकरी की तलाश में भारत आई थीं। वहीं, सेंटर की मैनेजर पूजा नरवाड़े पुलिस को किसी भी कर्मचारी का पुलिस वेरिफिकेशन नहीं दिखा सकीं।
पुलिस कमिश्नर के आदेश के तहत सभी संस्थानों में कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य है। नियमों का पालन न करने और विदेशी नागरिकों के दस्तावेजों की कमी पाए जाने पर पुलिस ने सेंटर संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और दोनों विदेशी महिलाओं के भारत में रहने से जुड़े कागजातों की गहराई से जांच की जा रही है।




