भोपाल, 31 अक्टूबर (विशेष संवाददाता): लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती यानी राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आज गुजरात के केवड़िया स्थित ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ से आयोजित राष्ट्रीय एकता परेड का सीधा प्रसारण भोपाल (देहात) जिले के सभी थानों में देखा गया।
थाना सूखी सेवनिया परिसर में पुलिस उप महानिरीक्षक (ग्रामीण रेंज) राजेश सिंह चंदेल और पुलिस अधीक्षक (देहात) पंकज कुमार पाण्डेय ने पुलिसकर्मियों, स्कूली छात्र-छात्राओं और स्थानीय नागरिकों के साथ बड़ी स्क्रीन पर परेड का लाइव प्रसारण देखा। इस दौरान सभी ने देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा को बनाए रखने की शपथ ली।
कार्यक्रम के बाद डीआईजी और एसपी ने थाना सूखी सेवनिया का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली, कार्यालयीन व्यवस्थाओं और परिसर का जायजा लिया तथा पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर थाना प्रभारी अरुण शर्मा सहित अन्य पुलिस स्टाफ और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।





