भोपाल:
आईडीबीआई बैंक के निजीकरण के विरोध में अधिकारी और कर्मचारियों की देशव्यापी हड़ताल मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही, जिसके चलते बैंक के तमाम कामकाज पूरी तरह ठप रहे। मध्य प्रदेश के बैंककर्मियों ने भी इस हड़ताल में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और भोपाल के एमपी नगर स्थित बोर्ड ऑफिस चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद बैंककर्मियों ने रैली निकाली और एक सभा का आयोजन किया।
हड़ताली बैंककर्मियों को ‘यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस’ का भी पूरा समर्थन प्राप्त है। सभा को संबोधित करते हुए विभिन्न वक्ताओं ने कहा कि आईडीबीआई बैंक का निजीकरण जनहित के बिल्कुल खिलाफ है। वक्ताओं ने केंद्र सरकार से मांग की है कि बैंक के निजीकरण की प्रक्रिया को तत्काल रद्द किया जाए और इसके सार्वजनिक क्षेत्र के स्वरूप को बनाए रखा जाए। साथ ही, यूनियनों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और अधिक तेज किया जाएगा।




