देवास: त्योहारों के सीजन में मिलावट और नाप-तौल में धोखाधड़ी रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। बुधवार को खाद्य, खाद्य नागरिक आपूर्ति और नापतोल विभाग की संयुक्त टीम ने शहर की चार प्रमुख दुकानों जोधपुर स्वीट्स, स्वास्तिक ट्रेडर्स, बलराम बेकरी और मुरैना गजक पर अचानक छापेमारी की। जांच के दौरान नापतोल विभाग के निरीक्षक श्याम दुबे ने बताया कि मुरैना गजक और बलराम बेकरी में इस्तेमाल हो रहे कांटों का सरकारी सील-सत्यापन नहीं कराया गया था, जिस पर कार्रवाई करते हुए दोनों दुकानों के कांटे तुरंत जब्त कर लिए गए और व्यापारियों के खिलाफ दो केस दर्ज किए गए हैं। प्रशासनिक टीम ने सभी दुकानदारों को सख्त हिदायत दी है कि मिठाई देते समय डिब्बे का वजन अलग से घटाया जाए ताकि ग्राहकों को पूरा सामान मिले। नापतोल विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह चेकिंग अभियान अगले दो दिनों तक शहर और पूरे जिले के अन्य प्रतिष्ठानों पर भी लगातार जारी रहेगा, जिससे दुकानदारों में हड़कंप मचा हुआ है।




