भोपाल: दीपावली पर प्रतिबंधित कार्बाइड गन और अवैध पटाखों के खिलाफ मुख्यमंत्री के निर्देश पर पूरे प्रदेश में ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमों ने पिछले 10 दिनों में 73 लाख 71 हजार रुपए से ज्यादा के अवैध पटाखे, विस्फोटक सामग्री और कार्बाइड गन जब्त किए हैं, जिससे अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
प्रमुख जिलों में लगातार बड़ी कार्रवाई की जा रही है। उज्जैन के शास्त्री नगर स्थित एक मकान से सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 लाख रुपए के अवैध पटाखे बरामद किए गए। वहीं गुना जिले के म्याना थाना पुलिस ने अवैध आतिशबाजी से भरा एक ट्रक पकड़ा, जिसमें 16 कार्टून पटाखे मिले और ट्रक समेत करीब 30 लाख रुपए का सामान जब्त किया गया। देवास की चंद्र तारा कॉलोनी में छापा मारकर 10 लाख 505 रुपए के पटाखे और आतिशबाजी पकड़ी गई। भोपाल के पुराने शहर के घनी आबादी वाले बाजारों में तीन दुकानों से 6 लाख 18 हजार रुपए के विस्फोटक बरामद किए गए। इसी तरह छतरपुर, सागर, सिवनी, दमोह, मुरैना, नर्मदापुरम, धार, अशोकनगर, शिवपुरी, कटनी, दतिया और ग्वालियर में भी पुलिस लगातार धरपकड़ कर रही है।
इस अभियान के दौरान बच्चों में लोकप्रिय हो रही प्रतिबंधित कार्बाइड गन और इन्हें बनाने का खतरनाक सामान भी भारी मात्रा में पकड़ा गया है। सीहोर के पार्वती थाना पुलिस ने 30 किलो विस्फोटक और 585 मॉडिफाइड गन जब्त कीं। ग्वालियर में ट्रांसपोर्ट नगर के दो गोदामों से 645 किलो कैल्शियम कार्बाइड पकड़ा गया। जबलपुर में क्राइम ब्रांच ने 39 किलो कार्बाइड, 14 कार्बाइड गन और सर्किट बरामद किए। इसके अलावा राजगढ़ और शाजापुर में भी पोटाश-सल्फर और गन बनाने की सामग्री मिली है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध पटाखों और कार्बाइड गन का कारोबार करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि त्योहारी सीजन में किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके



