इंदौर: भंवरकुआं थाना क्षेत्र में एक युवती ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस के मुताबिक, करीब दो साल पहले फेसबुक के जरिए आदर्श इंदिरा नगर निवासी शिवम (पिता भागीरथ प्रजापति) की पहचान 28 वर्षीय पीड़िता से हुई थी। दोस्ती के बाद आरोपी ने शादी का प्रस्ताव रखा और शांतिनाथपुरी इलाके में कमरा किराए पर लेकर करीब एक साल तक लिव-इन में साथ रहा। इस दौरान वह लगातार शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाता रहा।
बाद में आरोपी ने कमरा खाली करवा दिया और 16 फरवरी को भंवरकुआं इलाके के एक होटल में बुलाकर फिर से संबंध बनाए, लेकिन शादी की बात टालता रहा। पड़ताल करने पर पीड़िता को पता चला कि शिवम पहले से ही शादीशुदा है। जब उसने इस बारे में पूछताछ की, तो आरोपी ने कहा कि वह सिर्फ समय काट रहा था और शादी का दबाव बनाने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शिवम के खिलाफ दुष्कर्म और धमकी का केस दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश कर रही है।




