भोपाल। राजधानी के हनुमानगंज थाना क्षेत्र स्थित इब्राहिमगंज में दीवाली की रात आतिशबाजी का विरोध करने पर एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। बीच-बचाव करने आई उसकी मां भी हमले में गंभीर रूप से घायल हुई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार रात घर के सामने नाली और कीचड़ में पटाखे फोड़े जा रहे थे, जिससे गंदगी के छींटे दीवार पर आ रहे थे। इस पर अनिकेत खटीक (25) की मां सुनीता ने युवकों को टोका और दूर जाकर पटाखे फोड़ने को कहा। इसी बात पर सामने रहने वाले अमन रैकवार, प्रेम और उनके साथियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने महिला पर चाकू से तीन वार कर दिए।
मां की चीख सुनकर उन्हें बचाने दौड़े अनिकेत पर भी हमलावरों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर हालत में अनिकेत को अस्पताल ले जाया गया, जहां सोमवार तड़के इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
परिजनों का आरोप है कि सूचना देने के करीब 45 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची। उधर, हनुमानगंज थाना प्रभारी अवधेश सिंह भदौरिया ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। कुछ संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़े वीडियो फुटेज खंगाले जा रहे हैं।




