भोपाल। शहर की सड़कों पर गंदगी और कीचड़ फैलाने के मामले में नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए मेट्रो निर्माण से जुड़ी ठेका कंपनी पर 12 हजार 500 रुपए का जुर्माना ठोका है। बुधवार रात डंपरों से मिट्टी गिरने के कारण भारत टॉकीज ओवरब्रिज और 80 फीट रोड पर कीचड़ फैल गया था, जिससे हजारों राहगीरों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सफाई कर्मचारियों और स्थानीय रहवासियों की शिकायत के बाद गुरुवार सुबह 10 बजे जोन-9 के सहायक स्वास्थ्य अधिकारी बलवीर मलिक ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। टीम ने डंपरों को रुकवाया और हमीदिया चौराहा स्थित भारत टॉकीज ओवरब्रिज पर गंदगी फैलाने के आरोप में मोहन कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड पर स्पॉट फाइन लगाया।
दरअसल, शहर में मेट्रो की ऑरेंज और ब्लू लाइन का निर्माण कार्य चल रहा है। ट्रैफिक जाम से बचने के लिए मिट्टी ढोने वाले डंपरों की आवाजाही ज्यादातर रात के समय होती है, लेकिन लापरवाही के चलते डंपरों से गिरने वाली मिट्टी सड़कों पर कीचड़ में तब्दील हो रही है। निगम अधिकारियों के मुताबिक, करीब एक महीने पहले भी इसी तरह की लापरवाही पर कंपनी पर जुर्माना लगाया गया था, लेकिन सुधार न होने पर दोबारा चालानी कार्रवाई की गई है।




