भोपाल। शहर के कोलार रोड स्थित यूबी सिटी कॉलोनी में बुधवार दोपहर आवारा कुत्तों ने दो लोगों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलों में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला थॉमस और 40 वर्षीय कारोबारी अभय परिहार शामिल हैं। दोनों के पैरों में गहरे घाव आए हैं। हमले के बाद अभय को अपोलो अस्पताल और बुजुर्ग महिला को कोलार अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुत्ते राहगीर को नोचते दिखाई दे रहे हैं।
निगम और पंचायत के फेर में फंसी कॉलोनी स्थानीय निवासी आलोक रघुवंशी के अनुसार, यूबी सिटी कॉलोनी नगर निगम और ग्राम पंचायत के सीमा विवाद में उलझी हुई है। नगर निगम की टीम यह कहकर पल्ला झाड़ लेती है कि क्षेत्र पंचायत में आता है, जबकि पंचायत प्रशासन भी जिम्मेदारी लेने से मुकर जाता है। कई बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन ने कुत्तों को पकड़ने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी रहवासियों में इस लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने तुरंत आवारा कुत्तों को पकड़ने और समस्या का स्थायी समाधान निकालने की व्यवस्था नहीं की, तो वे सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे। भविष्य में होने वाली किसी भी अनहोनी के लिए निगम और पंचायत दोनों जिम्मेदार होंगे।





