भोपाल। ऑनलाइन ऑर्डर लौटाने के बाद रिफंड पाने के लिए गूगल पर कस्टमर केयर का नंबर सर्च करना एक युवक को भारी पड़ गया। साइबर ठग ने खुद को अमेजन का कर्मचारी बताकर युवक के दो बैंक खातों से 35 हजार 417 रुपए पार कर दिए। ऐशबाग पुलिस ने गुरुवार को अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, सुदामा नगर ऐशबाग निवासी दिलशाद खान ने ऑनलाइन सामान मंगाया था। प्रोडक्ट वापस करने के बाद भी जब रिफंड नहीं मिला, तो उन्होंने डिलीवरी बॉय की सलाह पर गूगल से अमेजन कस्टमर केयर का नंबर सर्च कर कॉल किया। फोन उठाने वाले ठग ने बैंक खाते में तकनीकी समस्या बताकर दूसरा खाता नंबर मांगा।
कुछ देर बाद आरोपी ने व्हाट्सएप पर संपर्क कर रिफंड के नाम पर फोन-पे ऐप में कुछ कोड दर्ज करवाए। कोड डालते ही दिलशाद के बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते से 3,458 रुपए और आईडीबीआई बैंक के खाते से दो बार में 3,458 तथा 28,501 रुपए कट गए। मोबाइल पर मैसेज आने के बाद पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 और थाने में शिकायत दर्ज कराई।



