ग्वालियर। गोला का मंदिर थाना क्षेत्र की नारायण विहार कॉलोनी में गुरुवार रात पुरानी रंजिश के चलते करीब आधा दर्जन बदमाशों ने एक युवक को घेरकर चाकुओं से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसने मौके से भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। वारदात के बाद से कॉलोनी में दहशत का माहौल है।
पीड़ित आकाश माहौर ने बताया कि मंटू गुर्जर, बाबा खान और उनके साथियों ने उसे घेरकर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए। आकाश का आरोप है कि इन्हीं आरोपियों ने कुछ समय पहले उसके मकान पर भी हमला किया था, जिसमें एक पुलिस आरक्षक की भूमिका भी सामने आई थी। उस वक्त शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे बदमाशों के हौसले बुलंद हो गए।
पीड़ित ने अब पुरानी शिकायतों और इस जानलेवा हमले में शामिल सभी आरोपियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है।




