भोपाल। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा लगाए गए फोन टैपिंग के आरोपों के विरोध में शनिवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में महिला कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय (PCC) के सामने आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर और नारे लगाते हुए इस मामले में सरकार से स्पष्ट जवाब देने की मांग की।
इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए रीना बोरासी ने कहा कि विपक्षी नेताओं की कथित जासूसी और फोन टैपिंग लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है। उन्होंने इसे संविधान और निजता के अधिकार का उल्लंघन बताते हुए केंद्र सरकार से पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करने और जवाबदेही तय करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।



