भोपाल। राजधानी के भदभदा चौराहे पर रविवार सुबह करीब 11 बजे हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय ट्रेनी महिला पत्रकार सपना कुमारी की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब वह रैपिडो बाइक से अपने दफ्तर जा रही थीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मूल रूप से बिहार की रहने वाली सपना भोपाल के एक निजी न्यूज चैनल में ट्रेनी के तौर पर कार्यरत थीं। रविवार सुबह वह घर से चैनल के ऑफिस जाने के लिए निकली थीं। भदभदा चौराहे के पास एक अन्य तेज रफ्तार बाइक सवार ने अचानक उनकी रैपिडो बाइक को कट मार दिया। इससे चालक का संतुलन बिगड़ गया और पीछे बैठी सपना सड़क पर जा गिरीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक बेकाबू डंपर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के तुरंत बाद कट मारने वाला बाइक सवार और डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही कमला नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि फरार दोनों वाहनों और चालकों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।



